लखनऊ के चिनहट क्षेत्र के भरवारा वार्ड स्थित गोल्डन सन सिटी कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट न होने से कॉलोनी की गलियां पूरी तरह अंधेरे में डूबी रहती हैं। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि कई बार वार्ड प्रतिनिधि से शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब भी वे शिकायत लेकर वार्ड प्रतिनिधि के पास गए तो उन्हें बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला से शिकायत करने की बात कहकर टाल दिया गया। वहीं जब इस समस्या की जानकारी विधायक योगेश शुक्ला को दी गई तो उन्होंने क्षेत्रीय प्रतिनिधि से ही रोड और स्ट्रीट लाइट की शिकायत करने को कहा। कॉलोनी निवासी निपेंद्र तिवारी ने बताया कि जब भी वे रात में अपने काम से घर लौटते हैं तो उन्हें अपनी गाड़ी की रोशनी में ही वाहन अंदर लगाना पड़ता है, क्योंकि कॉलोनी में कहीं भी स्ट्रीट लाइट नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों को रात के समय आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं कॉलोनी निवासी शिवानी का कहना है कि अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ बाहरी लोग यहां बैठकर शराब पीते हैं और गाली-गलौज करते हैं, जिससे घर से बाहर निकलना और बच्चों का बाहर टहलना मुश्किल हो गया है। कॉलोनी निवासी खुशबू वाजपेई ने बताया कि कई बार क्षेत्रीय प्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अंधेरे के कारण बहन-बेटियों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग की है, ताकि कॉलोनी में फैले अंधेरे से राहत मिल सके और लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके।