लखनऊ के गोमतीनगर स्थित भागीदारी भवन में राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर समरसता सेवा संस्थान की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शामिल हुईं। उन्होंने हथकरघा और हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों के योगदान की सराहना करते हुए उनके आर्थिक सशक्तिकरण और स्वावलंबन पर जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि देश की पारंपरिक कला और शिल्प को संरक्षित करने के साथ स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम में सपेरा समाज के लोग भी पारंपरिक वेशभूषा के साथ मौजूद रहे और अपनी सांस्कृतिक पहचान का परिचय दिया। इस दौरान हथकरघा से जुड़े कारीगरों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। आयोजन में पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के संरक्षण तथा उनके प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा की गई।