राजधानी लखनऊ में चिनहट स्थित लौलाई विद्युत उपकेंद्र में शनिवार को प्रीपेड मीटर की समस्याओं को लेकर विद्युत उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। सैकड़ों की संख्या में उपभोक्ताओं ने विभाग से मांग की है कि प्रीपेड मीटर हटाकर उनके पुराने पोस्टपेड मीटर लगाए जाएं। उनका आरोप है कि प्रीपेड मीटर लगाए जाने के बाद से उन्हें लगातार तकनीकी समस्याओं और बिजली आपूर्ति में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मीटर में बैलेंस होने के बावजूद बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। इससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने बताया कि जब भी वे अपनी समस्याओं को लेकर लौलाई विद्युत उपकेंद्र पहुंचते हैं, तो वहां उनकी सुनवाई नहीं की जाती। आरोप है कि विभागीय कर्मचारियों द्वारा बिना किसी कार्रवाई के उन्हें वापस भेज दिया जाता है। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी और बढ़ती जा रही है। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और पुराने पोस्टपेड मीटर पुनः नहीं लगाए गए, तो वे बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उप विभागीय अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि लोगों की समस्याओं को देखते हुए जल्द ही उच्चाधिकारियों बात कर समस्या का निराकरण किया जाएगा।