लखनऊ में जानकीपुरम पुलिस ने महिलाओं से चेन लूटने वाले दो शातिर बदमाशों को शुक्रवार को सीडीआरआई, जानकीपुरम विस्तार के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई दो चेन और वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। बाइक के कागजात नहीं मिलने पर उसे एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया। एडीसीपी उत्तरी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बीकेटी के मदारीपुर निवासी अभिषेक कुमार (20) और किशुनपुर मदारीपुर निवासी विभाकर उर्फ सानू गुप्ता (20) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करते हैं। पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त की सुबह आयुष विहार निवासी बृजकिशोर बाजपेई की पत्नी भावना मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश पीछे से उनकी चेन खींचकर फरार हो गए। घटना के बाद आरोपियों की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई गईं। 14 अगस्त की रात करीब 10:10 बजे पुलिस ने सीडीआरआई के पास से अभिषेक और विभाकर को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से दो चेन बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपियों ने गाजीपुर थाना क्षेत्र में तीन अगस्त की रात करीब 10:30 बजे स्कूटी सवार महिला से चेन लूटने की बात भी स्वीकार की। यह वारदात शक्तिनगर, इंदिरानगर निवासी श्यामोली बनर्जी के साथ हुई थी। चेन लूटने के दौरान स्कूटी का संतुलन बिगड़ने से श्यामोली सड़क पर गिरकर चोटिल हो गई थीं। एसीपी अलीगंज शशि प्रकाश मिश्रा ने बताया कि दोनों आरोपी राह चलते लोगों से मोबाइल और चेन छीनते थे। लूटे गए सामान को बेचकर मिलने वाली रकम से अपने निजी खर्च और शौक पूरे करते थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनकी अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है। इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि अभिषेक कुमार के खिलाफ सीतापुर के पिसावां थाने में वर्ष 2023 में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। वहीं, विभाकर के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।