झारखंड के युवा बदलते समय के साथ खुद को बेहतर तरीके से तैयार कर सकें, इसमें मुख्यमंत्री सारथी योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सरकार द्वारा संचालित कौशल केंद्र इस पहल का मुख्य आधार बनकर उभरे हैं, जहाँ आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा नए रोजगार के अवसरों से जुड़ रहे हैं। कांके स्थित दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र ऐसा ही एक प्रमुख संस्थान है, जहाँ करीब 900 युवक-युवतियाँ विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण ले रहे हैं। यहाँ ड्रोन ऑपरेशन से लेकर इलेक्ट्रिक वाहनों की असेंबली जैसे कोर्सों की थ्योरी और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जा रही है। इन कोर्सेज में दक्ष होकर युवा न केवल अपना भविष्य संवार रहे हैं, बल्कि अपने कौशल को आजीविका का साधन भी बना रहे हैं।