रियासी जिला की तहसील भमाग के दराबी के ग्रामीण शुक्रवार को अपनी समस्याओं को ले कर प्रशासनिक अधिकारियों से मिलने पहुंचे इस दौरान उन्होंने एक ज्ञापन एडीसी राकेश कुमार को भी सौंपा। ग्रामीण रफ्तार हुसैन,मोहम्मद रशीद व कांग्रेस के युवा नेता करन दीप सिंह ने बताया कि गांव में बिजली के साथ पीने के पानी की भी सही व्यवस्था नहीं है। जिला मुख्यालय से मात्र पंद्रह किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव में जाने के किए सड़क मार्ग तक नहीं है। आज भी लोगों को घंटों पैदल चलना पड़ता है। वर्ष 1962 में गांव में एक प्राइमरी स्कूल खुला था वह आज भी है उच्चस्तर का कोई अन्य स्कूल गांव में नहीं होने के कारण ज्यादातर बच्चे पांचवीं से आगे की पढ़ाई करने से वंचित रह जाते है। गांव में स्वास्थ्य सुविधा भी नाममात्र है। ग्रामीणों के ज्ञापन पर एडीसी ने उन्हें आश्वाशन दिया कि एक सप्ताह के भीतर प्रशासन की एक टीम विभिन्न विभागों के अधिकारियों साथ गांव का दौरा करने पहुंचेगी।