जम्मू संभाग के रियासी स्थित लडवाल क्षेत्र में कार गहरी खाई में पलटने से छह लोग घायल हो गए। घायलों में एक माह की बच्ची भी है। हादसा मंगलवार शाम को हुआ। चसाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कार सवार कुंदरदान से ममनकोट की तरफ जा रहे थे। लडवाल के पास चालक का गाड़ी से नियंत्रण खो गया। इससे कार कई फीट गहरी खाई में पलट गई। ग्रामीणों ने काफी मुश्किल से घायलों को खाई से मुख्य सड़क तक पहुंचाया। सभी घायलों का स्वास्थ्य केंद्र बुद्दल में उपचार किया गया। कार चालक मोहम्मद अशरफ निवासी कुंदरदान की गंभीर हालत को देख उसे जीएमसी राजोरी के लिए रेफर कर दिया। घायलों की पहचान एक महीने की मासूम बच्ची जरीना बेगम, जुलिफकार, सलीमा बेगम व मूबिना अख्तर सभी निवासी ममनकोट व बलवान सिंह निवासी नंदकोट के रूप में हुई है। चसाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।