जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के जनगणना संचालन निदेशक अमित शर्मा ने कहा कि दोनों प्रदेशों में दो चरणों में जनगणना होगी। पहले चरण में 01 से 30 जून तक जियो टैगिंग के साथ आवास की गणना होगी। दूसरे चरण में लोगों की गणना होगी। बर्फीले इलाकों में सितंबर 2026 में और मैदानी इलाकों में फरवरी 2027 में गणना होगी। अमित शर्मा ने स्पष्ट किया कि मकान या जनता की गणना करने पहुंचने वाले जनगणना कर्मचारी से उसका पहचान पत्र अवश्य मांगे। पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही पूछे गए सवालों का जवाब दें। कहा कि किसी भी तरह की कोई ओटीपी और एटीएम अथवा क्रेडिट कार्ड किसी को न दें। अगर कोई ऐसा करता है तो तत्काल नजदीकी सक्षम अधिकारी के पास भी शिकायत करें। कहा कि जनता द्वारा दी गई जानकारी पूरी तरह सुरक्षित और गुप्त रहेगी। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वह जनगणना 2027 में बढ़चढ़ कर भाग लें।