गुजरात के कांडला से मुंबई जा रहे स्पाइसजेट के एक विमान का एक पहिया टेक-ऑफ के समय रनवे पर गिर गया। उड़ान भरने के बाद स्पाइसजेट के विमान का पहिया रनवे पर पड़ा मिला था। लेकिन, इस स्थिति के बावजूद विमान ने अपनी यात्रा पूरी की और मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित तरीके से उतरा। एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि 12 सितंबर को कांडला से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले स्पाइसजेट Q400 विमान का एक बाहरी पहिया उड़ान भरने के बाद रनवे पर पड़ा मिला। विमान ने मुंबई की अपनी यात्रा जारी रखी और सुरक्षित रूप से लैंडिग की।
एयरलाइन ने आगे कहा कि सुचारू लैंडिंग के बाद विमान अपनी शक्ति से टर्मिनल तक पहुंचा और सभी यात्री सुरक्षित उतार लिए गए। सूत्रों ने बताया कि विमान को मुंबई हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। जानकारी के मुताबिक, क्यू400 विमान में छह टायर होते हैं। विमान में सवार यात्रियों की संख्या के बारे में तुरंत जानकारी नहीं मिल सकी। CSMIA के प्रवक्ता ने बताया कि कांडला से आया एक विमान तकनीकी खराबी की सूचना मिलने के बाद 12 सितंबर 2025 को दोपहर 3 बजकर 51 मिनट पर छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग की।
इस दौरान एहतियात के तौर पर पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया गया था। विमान रनवे 27 पर सुरक्षित रूप से उतर गया और सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं। सफल लैंडिंग के कुछ ही देर बाद सामान्य परिचालन फिर से शुरू हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो मुंबई एयरपोर्ट पर आपात स्थिति घोषित कर दी गई और कुछ समय के लिए उड़ानों में रुकावट आई। बाद में रनवे साफ किया गया और सामान्य संचालन शुरू किया गया।
विमान ने सुरक्षित लैंड किया और सभी यात्रियों को बिना किसी नुकसान के उतार लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस घटना से सुरक्षा को लेकर चिंता जरूर बढ़ी है, लेकिन यात्रियों को किसी तरह का खतरा नहीं था।