महेन्द्र सिंह धोनी के भारतीय क्रिकेट की लिमिटेड ओवर टीम की कप्तानी छोड़ने के फैसले से न केवल आम लोग दुखी हैं बल्कि बॉलीवुड के कई बड़े कलाकार भी इस फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं। धोनी की रियल लाइफ को रील लाइफ में प्ले करने वाले सुशांत सिंह राजपूत ने ट्वीट कर इसे चौंकाने वाला कदम बताया है और कहा “धोनी जैसा कोई नहीं, आप लाखों लोगों की मुस्कान का कारण रहे हैं।” सुशांत ‘द अनटोल्ड स्टोरी एमएस धोनी' में धोनी का किरदार निभा चुके हैं। एक्टर रितेश देशमुख के मुताबिक धोनी की कप्तानी और बेहतरीन रणनीतियों की वजह से भारतीय क्रिकेट टीम कई टूर्नामेंट में तिरंगा फहराने में सफल रही। उन्होंने धोनी को देश के सफल कप्तानों में से एक बताया। देश को ढेर सारी जीत और वर्ल्ड कप दिलाने के लिए रितेश ने धोनी को दिल से शुक्रिया कहा।