कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सैन्य भर्ती योजना ‘अग्निपथ’ को लेकर एक बार फिर से केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'प्रयोगशाला' के इस 'नए प्रयोग' के कारण देश की सुरक्षा और युवाओं का भविष्य खतरे में है। राहुल गांधी ने इस संबंध में एक ट्वीट किया। राहुल गांधी ने ट्वीट में लिखा कि 60,000 सैनिक हर साल रिटायर्ड होते हैं और उनमें से सिर्फ 3,000 को सरकारी नौकरी मिल रही है। कांग्रेस के पूर्व प्रमुख ने कहा कि 4 साल के ठेके के बाद हजारों की संख्या में सेवानिवृत्त होने वाले अग्निवीरों का भविष्य क्या होगा? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रयोगशाला के इस नए प्रयोग से देश की सुरक्षा और युवाओं का भविष्य दोनों खतरे में हैं। इस योजना के तहत साढ़े 17 साल से 21 साल तक की आयु के युवाओं को केवल चार वर्ष के लिए भर्ती करने का प्रावधान है, जिनमें से 25 प्रतिशत 15 और साल के लिए सेना में रहेंगे।