कांग्रेस से अलग होने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू लगातार कांग्रेस पर ही हमलावर है. उन्होंने एक बार फिर राहुल गांधी पर निशाना साधा है। नवजोत काैर ने कहा कि राहुल गांधी जमीनी हकीकत से कटे हुए हैं। डाॅ. सिद्धू कांग्रेस छोड़ चुकी हैं।
कोयंबटूर में समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अच्छी बातें करते हैं। वह समझदारी की बातें करते हैं। लेकिन वह जो करते हैं और जो कहते हैं वह बहुत अलग है।
पिछले आठ महीनों से, मैं उनसे यह कहने के लिए समय मांग रही हूं कि आपके लोग, आपके प्रेसिडेंट या पंजाब में नियुक्त आपका व्यक्ति पंजाब के साथ न्याय नहीं कर रहा है। वह पंजाब में कांग्रेस को खत्म कर रहे हैं। मैं आपसे बस यह बताने के लिए बैठने का समय मांग रही हूं कि आपकी पार्टी पंजाब में खत्म हो रही है। उन्होंने पहले ही टिकट बेच दिए हैं। अगर आपको पता नहीं है कि आपके नीचे क्या हो रहा है, तो मुझे माफ करना। आप उस कुर्सी के लायक नहीं हैं। आप जो कर रहे हैं उसके लिए आप जिम्मेदार हैं।