दिल्ली हाईकोर्ट में शुक्रवार को अभिनेत्री करिश्मा कपूर से जुड़े मामले को लेकर वकीलों के बीच तीखी बहस हुई. जस्टिस ज्योति सिंह की अदालत में बहस के दौरान सीनियर एडवोकेट महेश जेठमलानी और वरिष्ठ वकील राजीव नायर कुछ देर के लिए आपस में भिड़ गए. दोनों ने एक दूसरे पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की. अदालत में उस वक्त माहौल गरमा गया, जब दो वकीलों ने दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की करीब 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर चल रही बहस के दौरान एक-दूसरे पर बाधा डालने का आरोप लगाया. 21 सेकंड के एक वीडियो क्लिप में एडवोकेट महेश जेठमलानी और वकील राजीव नायर के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है. वीडियो में देखा जा सकता है कि जेठमलानी जब राजीव नायर की दलीलों पर दखल देते हैं और दोनों के बीच नोकझोंक होती है. 'Bar And Bench' की ओर से जारी वीडियो में वकील राजीव नायर ने कहा, ''कृपया मुझे बीच में न रोकें. मुझे दखलंदाज़ी की आदत नहीं है.'' इस पर एडवोकेट महेश जेठमलानी ने कहा, ''तो फिर आपको अपनी ही मेडिसीन लेनी चाहिए और प्लीज मुझ पर चिल्लाना मत. कुछ शिष्टाचार रखो, अगर चिल्लाओगे तो तुम्हें इसका बदला मिलेगा.'' इस राजीव नायर ने कहा, ''आपने मुझे बीच में ही टोक दिया.'' इस तरह से दोनों के बीच नोंकझोंक होती रही.
एडवोकेट महेश जेठमलानी बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जिनके बच्चों ने अपने दिवंगत पिता की संपत्ति में पांचवां हिस्सा मांगा है. दूसरी तरफ वकील राजीव नायर संजय की पत्नी प्रिया का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जिनका दावा है कि उनकी एक वसीयत है जिसके मुताबिक उनकी पूरी निजी संपत्ति उन्हें सौंप दी गई है. अभिनेत्री करिश्मा कपूर के बच्चों ने अपनी याचिका में संजय कपूर की 21 मार्च को जारी की गई कथित वसीयत को चुनौती दी है, जिसमें कथित तौर पर उनकी पूरी निजी प्रॉपर्टी उनकी सौतेली मां, प्रिया के नाम कर दी गई है. बच्चों का दावा है कि न तो पिता संजय ने वसीयत का जिक्र किया, न ही प्रिया या किसी और ने इसके अस्तित्व के बारे में कभी बात की. इसी साल 12 जून को इंग्लैंड में एक पोलो मैच के दौरान संजय कपूर की अचानक मौत हो गई थी