ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा आज से शुरू हो गई है। तीनों भव्य रथ पूरी तरह सजकर ग्रैंड रोड पर तैयार हैं। देश-विदेश से पहुंचे लाखों श्रद्धालु इस दिव्य आयोजन के साक्षी बनेंगे। रथ यात्रा को लेकर मंदिर प्रशासन ने सभी धार्मिक अनुष्ठान पूरे कर लिए हैं। सुरक्षा के लिए करीब 14 हजार जवान, एनएसजी, सीआरपीएफ, बीएसएफ और आरएएफ की तैनाती की गई है। ड्रोन और एंटी ड्रोन सिस्टम से निगरानी की जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को रथ यात्रा की शुभकामनाएं दी हैं।