भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का महामुकाबला, रविवार को दुबई में होने जा रहा है. इस मैच को लेकर फैंस का जोश आसमान छू रहा है. इस मैच में दोनों टीमें अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन करेंगी. फैंस सोशल मीडिया पर अपनी-अपनी टीमों को चीयर कर रहे हैं और मैच को लेकर अपनी उम्मीदें और भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं. वहीं, राजनीति जगत के लोग भी इस मैच पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
एशिया कप 2025 में होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान मैच पर भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन निर्देशक संघ (IFTDA) के अध्यक्ष अशोक पंडित ने कहा, "कल इस देश के लिए एक काला दिन है। हम इतने असंवेदनशील नहीं हो सकते। हमारे देश के क्रिकेटरों में भी थोड़ी शर्म होनी चाहिए, पैसा ही सब कुछ नहीं है। मैं देश के क्रिकेटरों से कहना चाहता हूं कि आपके सामने जो लोग बोलिंग या बैटिंग करेंगे उनके हाथ खून से रंगे होंगे। यह हिंदुस्तान के बेगुनाह लोगों का खून है. आप इनके साथ खेल कैसे खेल सकते हैं?.पिछले 40 साल से हमारे देश पर लगातार हमले हो रहे हैं और हम बार-बार कहते हैं कि हम उनके(पाकिस्तान) साथ नहीं खेल सकते.जितने भी खिलाड़ी इस मैच को खेलेंगे उन्हें इस बात का एहसास नहीं है.सारे सुरक्षा बल जिन्होंने इस देश के लिए अपनी जान दी है, यह उनका अपमान है.जिन लोगों के परिवार के सदस्य हमले में मारे गए उन्हें आप क्या जवाब देंगे?.अभी भी समय है। मैं प्रधानमंत्री से अपील करता हूं कि यह हमारे देश का बहुत बड़ा अपमान है."
ऐशान्या द्विवेदी ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार ने कहा था कि हम पाकिस्तान के साथ कोई संबंध नहीं रखेंगे. हम उनके साथ कोई क्रिकेट मैच नहीं खेलेंगे. हम उनकी धरती पर मैच खेलने नहीं जाएंगे और न ही उनके खिलाडि़यों को अपनी धरती पर कदम रखने देंगे. लेकिन बीबीसीआई ने इसका भी रास्ता निकाल लिया.