रविवार को बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में ताजा बर्फबारी हुई। बर्फबारी होने से पूरा नजारा ही मनमोहक हो गया। हालांकि, केदारनाथ और बद्रीनाथ में कपाट खुलने से ऐन पहले हुई बर्फबारी से दोनों धाम के लिए की जानेवाली तैयारियों पर असर पड़ा है। केदारनाथ में रविवार को तेज बर्फबारी हुई। दोपहर से शाम तक भी हल्की बर्फबारी जारी रही। बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, गोरसों बुग्याल, रामणी टॉप समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई और निचली जगहों पर बारिश पड़ी। बर्फ के साथ निचले इलाकों में ओले गिरने से फसलों को भी थोड़ा नुकसान हुआ है। हालांकि, मौसम ठंडा होने से और बर्फबारी होने से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम पहुंच रहे श्रद्धालु खुश नजर आए।