फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi Assembly Security Breach: दिल्ली विधानसभा में VIP गेट का बैरियर तोड़कर घुसी कार

अमर उजाला डिजिटल डॉट कॉम Updated Mon, 06 Apr 2026 04:20 PM IST

राजधानी दिल्ली से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां विधानसभा परिसर की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला उजागर हुआ है। सोमवार को एक अज्ञात कार ने दिल्ली विधानसभा के गेट नंबर-2 को तोड़ते हुए अंदर प्रवेश कर लिया। यह गेट वीआईपी एंट्री के तौर पर इस्तेमाल होता है, जिससे इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब एक कार अचानक तेज रफ्तार में विधानसभा के गेट नंबर-2 पर पहुंची और वहां लगे बूम बैरियर को तोड़ते हुए अंदर घुस गई। चौंकाने वाली बात यह रही कि कार के अंदर से एक नकाबपोश शख्स बाहर निकला। उसने विधानसभा अध्यक्ष की गाड़ी पर कोई वस्तु फेंकी और मौके से फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद विधानसभा परिसर में हड़कंप मच गया। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन आरोपी मौके से भागने में सफल रहा। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि आरोपी ने क्या फेंका और उसका मकसद क्या था।

सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। पूरे इलाके को घेर लिया गया है और विधानसभा परिसर की सुरक्षा को और कड़ा कर दिया गया है।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। साथ ही, कार के नंबर और उसके रूट की भी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं यह घटना किसी साजिश का हिस्सा तो नहीं है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। आरोपी की तलाश जारी है और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें