Bihar Election 2025: बिहार में विधानसभा चुनावों की तारीख का एलान होने के बाद राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई है। महागठबंधन की सीट शेयरिंग अभी तक फाइनल नहीं हो पाई है। इस बीच, चुनाव से पहले RJD को बड़ा झटका लगा है।
दरअसल, नवादा की राजनीति में सोमवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। पूर्व श्रम राज्यमंत्री राजवल्लभ प्रसाद यादव की पत्नी और नवादा सदर की निवर्तमान विधायक विभा देवी तथा रजौली के निवर्तमान विधायक प्रकाशवीर ने राष्ट्रीय जनता दल छोड़कर जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता ग्रहण कर ली। गौरतलब है कि, गया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के दौरान जब विभा देवी और प्रकाशवीर मंच पर नजर आए थे, तभी से उनके एनडीए में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे थे। अब यह कयास हकीकत में बदल गए हैं।
बता दें कि, जहां महागठबंधन अभी तक सीटों का बंटवारा नहीं कर पाया है तो वहीं दूसरी तरफ एनडीए की ओर से रविवार को सीटों बंटवारा कर दिया था। इसके साथ ही BJP ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा भी कर दी है। बिहार में कुल 243 सीटों पर 2 चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में 121 और दूसरे चरण में 122 सीट के लिए मतदान होगा। पहले चरण के तहत छह नवंबर और दूसरे चरण के तहत 11 नवंबर को चुनाव होगा। तो वहीं, वोटो की गिनती 14 नवंबर को होगी।