Bangladesh Election Results 2026: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग ने चुनाव को फर्जी, अवैध और असंवैधानिक करार दिया। पार्टी ने जनता के मतदान अधिकार, लोकतांत्रिक मूल्य और संविधान की भावना की अवहेलना का आरोप लगाया। अवामी लीग ने कहा कि चुनाव की प्रक्रिया योजना बनाकर रची गई एक तमाशा थी, जिसमें पार्टी की भागीदारी नहीं थी। पार्टी ने जनता, माताओं, बहनों और अल्पसंख्यक समुदायों का धन्यवाद किया, जिन्होंने इस जबरदस्त फर्जी चुनाव को नकार दिया।
मतदान खत्म होने के बाद बांग्लादेश अवामी लीग ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'जन नेता शेख हसीना की ओर से सभी नागरिकों को धन्यवाद, जिन्होंने हत्यारे-फासीवादी यूनुस के हास्यास्पद चुनाव को खारिज कर दिया। अवैध और असंवैधानिक रूप से सत्ता हथियाने वाले यूनुस द्वारा आज कराया गया तथाकथित चुनाव असल में एक सुनियोजित नाटक था। अवामी लीग की भागीदारी के बिना कराए गए इस धोखेपूर्ण, मतदाता-विहीन चुनाव में जनता के मतदान अधिकार, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना की पूरी तरह से अवहेलना की गई।'