फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una: समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे हों विकास कार्य, विधायक विवेक शर्मा ने अधिकारियों को दिए निर्देश

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विधायक विवेक शर्मा ने गुरुवार को जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) ऊना के सभागार में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विकास खंड ऊना की पंचायतों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, मनरेगा, 15वें वित्त आयोग तथा अन्य सार्वजनिक योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। विधायक विवेक शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि आम लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से गांवों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, जल निकासी, सामुदायिक भवन, खेल मैदान, पार्क, श्मशान घाट तथा अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण और जीर्णोद्धार कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। विधायक ने संपर्क मार्गों के निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी लाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों के साथ-साथ किसानों को भी अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिल रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मनरेगा के अंतर्गत सभी लंबित विकास कार्य 31 मार्च 2027 तक हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने बताया कि मनरेगा के तहत ग्रामीण संपर्क मार्ग, वर्षा जल संरक्षण, भूमि सुधार, जल निकासी व्यवस्था तथा सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण जैसे कार्य किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी मिल रहा है। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने विधायक निधि से स्वीकृत सभी विकास कार्यों को भी तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सुख-आश्रय योजना के तहत पात्र लोगों को मकान उपलब्ध कराने और गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक के दौरान उन्होंने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में किए गए राहत एवं पुनर्वास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को मकान, आर्थिक सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं तथा विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। बैठक में 15वें वित्त आयोग के तहत पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। खंड विकास अधिकारी राहुल धीमान ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से पंचायतवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में कुटलैहड़ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विवेक मिंका, जिला परिषद सदस्य सुमित शर्मा, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, विभिन्न पंचायतों के प्रधान एवं उपप्रधान तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें