उत्तर प्रदेश से श्रद्धालुओं की एक संगत धार्मिक आस्था और भक्ति के सफर पर निकली हुई है। टूरिस्ट बस के माध्यम से निकली यह संगत अमरनाथ धाम से लेकर हिमाचल के प्रसिद्ध शक्तिपीठों तक विभिन्न पवित्र तीर्थ स्थलों के दर्शन कर रही है। श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा के बाद माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर, ज्वालाजी और कांगड़ा देवी सहित अन्य धार्मिक स्थलों में पहुंचकर माथा टेक रहे हैं। श्रद्धालुओं ने बताया कि यह धार्मिक यात्रा उनके लिए बेहद सुखद और यादगार अनुभव साबित हो रही है। माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि दर्शन के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और शांतिपूर्ण माहौल में माता रानी के दर्शन करने का अवसर मिला। संगत के सदस्यों ने बताया कि उनकी यात्रा केवल धार्मिक दर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सामूहिक अनुशासन और सेवा भावना भी शामिल है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु अपना भोजन स्वयं तैयार करते हैं और सभी मिलकर प्रसाद ग्रहण करते हैं। इससे आपसी सहयोग, भाईचारा और धार्मिक परंपराओं को मजबूती मिलती है। श्रद्धालुओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक भ्रमण से मन को शांति, सकारात्मक ऊर्जा और नई प्रेरणा मिलती है। यात्रा के दौरान संगत में भजन-कीर्तन और माता रानी के जयकारों का उत्साह देखने को मिला, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।