हिमाचल के मंडी जिले में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के बाद राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से कुटलैहड़ विस क्षेत्र से मानवता की एक मिसाल पेश की गई। सोमवार को डेरा बाबा रुद्रानंद भाजपा मंडल कुटलैहड़ से 100 से अधिक राहत सामग्री की किटें दो वाहनों में भरकर मंडी रवाना की गईं। इस राहत सामग्री में राशन, बर्तन, कंबल और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। इस पुनीत कार्य का नेतृत्व वरिष्ठ भाजपा नेता एवं कुटलैहड़ के पूर्व विधायक देवेंद्र भुट्टो ने कमान संभाल कर किया। एक दिन पहले भाजपा नेता देवेंद्र कुमार भुट्टो ने निजी आय से 40 राशन किटें मंडी पीड़ित परिवारों के लिए रवाना की थी। कहा कि मंडी जिले में आई भारी बारिश और भूस्खलन जैसी आपदाओं ने कई परिवारों को बेघर कर दिया, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ की जनता हमेशा देश और प्रदेश के किसी भी कोने में आए संकट के समय हरसंभव मदद के लिए तैयार रहती है। मंडी के हालात को देखते हुए हमने यह राहत सामग्री तैयार की है। डेरा बाबा रुद्रानंद मंडल से रवाना हुई राहत सामग्री के साथ-साथ भाजपा नेता देवेंद्र भुट्टो ने स्वयं बही चलोला और झंबर गांवों का दौरा किया, जहां उन्होंने दो पीड़ित परिवारों को नकद राशि, कंबल और राशन की विशेष राहत किटें प्रदान कीं।