डेरा बाबा रुद्रा नंद आश्रम से मंडी आपदा पीड़ितों के लिए सोमवार सुबह दूसरी बार राहत सामग्री से भरी गाड़िया रवाना की गई। इस दौरान आश्रम के महाराज श्री हेमानंद जी महाराज भी गाड़ियों के साथ मंडी के लिए रवाना हुए। जानकारी के अनुसार आश्रम डेरा बाबा रूद्रा नंद से जिला मंडी के आपदा ग्रस्त लोगों के लिए एक सप्ताह पहले भी खाद्य सामग्री एवं जरूरत की अन्य वस्तुओं का एक ट्रक भेजा गया था। इसके बाद सोमवार वर्तमान में ब्रह्मलीन श्रीश्री 1008 सुग्रीव आनंद जी के उत्तराधिकारी हेमानंद महाराज ने छह और गाड़ियां मंडी के लिए रवाना की। इन गाड़ियों में खाद्य सामग्री, कंबल, बर्तन, कपड़े और अन्य जरूरत की सामग्री भेजी गई है। हेमानंद जी महाराज खुद मंडी में जाकर पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं खुद वहां के हालात जानना चाहता हूं, क्योंकि इतनी बड़ी आपदा के बारे सुनकर बहुत दुख हो रहा है। इसलिए सोमवार को छह और गाड़ियां आपदा पीड़ितों के लिए भेजी गई हैं। कहा कि भविष्य में भी अगर जरूरत पड़ती है तो डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा।