उपमंडल अंब के तहत पंचायत दियाडा में सोमवार तड़के आए तेज तूफान के दौरान एक सड़ा हुआ आम का पेड़ टीननुमा शैड पर गिर गया, जिससे भारी नुकसान हुआ। पीड़ित अनुप सिंह पुत्र स्वर्गीय प्रेम सिंह निवासी गांव दियाडा तहसील अंब जिला ऊना ने प्रशासन व वन विभाग से नुकसान की भरपाई की मांग उठाई है। अनुप सिंह ने बताया कि उन्होंने दिसंबर 2025 में उक्त आम के पेड़ को काटने के लिए फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर अंब के माध्यम से डीएफओ ऊना को आवेदन दिया था। उनका कहना है कि पेड़ का तना पूरी तरह सड़ चुका था और कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ था। आवेदन के बाद फॉरेस्ट गार्ड ने मौके का निरीक्षण किया और पेड़ के साथ फोटो भी ली। इसके बाद पंचायत सचिव, फॉरेस्ट गार्ड और पटवारी की एक सर्वे कमेटी नियुक्त की गई, लेकिन आरोप है कि कमेटी ने मौके पर कोई सर्वे नहीं किया। अनुप सिंह ने दोबारा आरओ कार्यालय जाकर अपनी मजबूरी बताई, जिसके बाद फिर से सर्वे कमेटी गठित की गई। पीड़ित के अनुसार दूसरी कमेटी ने 17 अप्रैल 2026 को सर्वे किया, लेकिन आज तक रिपोर्ट आगे नहीं भेजी गई। इसी बीच सोमवार सुबह करीब एक बजे आए तेज तूफान में पेड़ उनकी शैड पर गिर गया, जिससे शैड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और भारी आर्थिक नुकसान हुआ। अनुप सिंह ने कहा कि यदि समय रहते विभागीय कार्रवाई पूरी कर पेड़ काट दिया जाता तो यह नुकसान नहीं होता। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि उनके नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए तथा मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार विभागीय प्रक्रियाओं में देरी होने के कारण लोगों को नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।