भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आगामी विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम–2026 की पूर्व तैयारियों के अंतर्गत आज उपमंडल बंगाणा में एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला की अध्यक्षता कार्यकारी उपमंडल अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अमित शर्मा ने की। कार्यशाला में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के समस्त बूथ लेवल अधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर अमित शर्मा ने बीएलओ को पुनरीक्षण से जुड़ी समस्त प्रक्रियाओं जैसे घर-घर जाकर मतदाता विवरण का सत्यापन, नाम जोड़ना, हटाना, संशोधन एवं मतदान केन्द्रों के युक्तिकरण के संबंध में तकनीकी और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा सटीक, नवीनतम और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की नींव है। इसकी जिम्मेदारी बीएलओ के कंधों पर होती है, जिन्हें निष्पक्षता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा और दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करते हुए सभी कार्यों को गंभीरता, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ सम्पन्न किया जाए।प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान जिला निर्वाचन कार्यालय ऊना से नायब तहसीलदार अजय कुमार, राकेश कुमार एवं आनंद किरण सहित अन्य तकनीकी विशेषज्ञों ने बीएलओ को विभिन्न फॉर्म भरने की प्रक्रिया, मोबाइल ऐप के उपयोग तथा नवीनतम डिजिटल प्रक्रियाओं से अवगत करवाया।