कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत में आयोजित विधायक आपके द्वार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक विवेक शर्मा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिन्होंने 32 वर्षों तक कुटलैहड़ की राजनीति पर एकछत्र राज किया, वे क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि वर्षों तक जनता सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए संघर्ष करती रही, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ। इसके विपरीत भाजपा सरकार के कार्यकाल में मात्र दो वर्षों के भीतर विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए धरातल पर बड़े स्तर पर काम किया गया है। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने पंचायत के लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान करवाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र में वर्षों से कम वोल्टेज की समस्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी।