शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशेष पहल और दूरदर्शिता को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाले कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने रविवार को एक सराहनीय कदम उठाया। क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए उन्होंने अपनी निजी आय से अस्थायी रूप में नियुक्त किए गए शिक्षकों को मानदेय के चेक प्रदान किए। गौरतलब है कि विधायक विवेक शर्मा ने कुछ माह पूर्व आठ शिक्षकों को अस्थायी आधार पर नियुक्त किया था, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो। इन शिक्षकों की नियुक्ति से क्षेत्र के कई स्कूलों में लंबे समय से चली आ रही शिक्षकों की कमी पूरी हुई और बच्चों की पढ़ाई नियमित रूप से जारी रह सकी। आज आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने सभी आठ शिक्षकों को मानदेय की राशि चेक के माध्यम से प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य ही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। जब तक सरकार द्वारा रिक्त पदों को नियमित रूप से नहीं भरा जाता, तब तक वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षक समाज का निर्माण करते हैं, ऐसे में किसी भी सूरत में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। यही कारण है कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से आगे आकर शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित की। स्थानीय अभिभावकों और ग्रामीणों ने विधायक विवेक शर्मा की इस पहल की खुलकर सराहना की। उनका कहना था कि विधायक ने शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर पूरे क्षेत्र के बच्चों के भविष्य को संवारने का कार्य किया है। इस कदम से जहां शिक्षकों को प्रोत्साहन मिला है, वहीं विद्यार्थियों के मनोबल और पढ़ाई दोनों को मजबूती मिली है।