वीरवार से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्रों को लेकर श्री चिंतपूर्णी मंदिर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर और सुविधाजनक दर्शन करवाने के लिए मंदिर प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं।मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने नवरात्रों की तैयारियों का जायजा लेते हुए पूरे मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि चैत्र नवरात्रों के पावन अवसर पर श्री चिंतपूर्णी मंदिर को बेहद आकर्षक और मनमोहक तरीके से सजाया गया है, जिससे मंदिर परिसर की सुंदरता और भी बढ़ गई है। मंदिर परिसर में रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से विशेष सजावट की गई है, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, पेयजल, साफ-सफाई और दर्शन व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि नवरात्रों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकरव्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि मंदिर प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्वक माता रानी के दर्शन करें।