उपमंडल बंगाणा क्षेत्र की परंपरा, संस्कृति और सामाजिक समरसता का प्रतीक तीन दिवसीय जिला सतरीय पीपलू मेला गुरुवार को एक भव्य शोभायात्रा के साथ आरंभ हुआ। इस मेले का शुभारंभ होटल आशीर्वाद से निकाली गई रंग-बिरंगी शोभायात्रा के माध्यम से किया गया, जो ईको पार्क बंगाणा तक पहुंची। शोभायात्रा में पारंपरिक वाद्य यंत्रों, और सैकड़ों लोगों के साथ आगाज हुआ। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे, जिन्होंने मेले के आयोजन को क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन लोगों को आपस में जोड़ते हैं और युवाओं को अपनी लोक संस्कृति से परिचित कराते हैं। साथ ही, उन्होंने आयोजकों को बेहतर व्यवस्था के लिए बधाई दी। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा भी अपनी पत्नी मृदु शर्मा के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा में भाग लेने के लिए क्षेत्र के कोने-कोने से लोग उमड़े। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ढोल-नगाड़ों की थाप, पारंपरिक गीतों की धुन और सजावट से सजे रथों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। तीन दिनों तक चलने वाले इस मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं, स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी होगी।