उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने ऊना जिला में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। इन्हीं के तहत जिला पुलिस ने खनन सामग्री ले जाने वाले टिपरों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कड़ा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने मंगलवार को प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि शाम 5 बजे के बाद टिपरों के जरिये खनन सामग्री की ढुलाई पर पूर्ण प्रतिबंध है। इस नियम का उल्लंघन करने पर जिले में पांच एफआईआर दर्ज की गई हैं। इनमें 2 एफआईआर बंगाणा क्षेत्र में दर्ज हुईं जिनमें 9 टिपर जब्त किए गए। वहीं टाहलीवाल क्षेत्र में 2 तथा अंब क्षेत्र में 1 एफआईआर दर्ज की गई है। अमित यादव ने कहा कि शाम 5 बजे से क्रशर एरिया से जिला सीमा तक टिप्परों की आवाजाही पूरी तरह बंद है। उन्होंने बताया कि जिला ऊना में शराब बिक्री के लिए रात 10 बजे तक का समय निर्धारित है। एसपी ने आम जनता से अपील की कि यदि अवैध खनन या शराब संबंधी गतिविधियों की सूचना मिलती है तो वे पुलिस को अवश्य सूचित करें। जिले के सभी लाईसेंसधारियों को 26 नवंबर यानि बुधवार तक अपने हथियार जमा करवाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। डीसी चौक से मैहतपुर बैरियर सड़क तक भारी वाहनों की आवाजाही को विनियमित किया है। जिला प्रशासन ने खनन संबंधित गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। वैध खनन के लिए भी समय और कॉरिडोर तय कर दिए गए हैं। उपायुक्त ने बताया कि निर्धारित समय अवधि के भीतर सामग्री ढुलाई के लिए विशेष कॉरिडोर भी चिन्हित किए गए हैं।