नगर निगम ऊना के तहत गीता मंदिर के समीप स्थित एक जर्जर भवन का एक हिस्सा मंगलवार को हुई बारिश के चलते अचानक ढह गया। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय वाशिंदों में काफी रोष देखने को मिला। सूचना मिलते ही नगर निगम ऊना के आयुक्त महेंद्र पाल गुर्जर मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने भवन की स्थिति की जांच कर संबंधित अधिकारियों को उचित कदम उठाने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से इस जर्जर भवन को गिराने या दुरुस्त करने की मांग कर रहे थे, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कोई जनहानि नहीं हुई।