डेरा बाबा रूद्रानंद आश्रम में आज पीपल चूरी के पावन उपलक्ष्य पर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अवसर पर डेरा के पूजनीय महाराज ने श्रद्धापूर्वक पीपल वृक्ष की पूजा कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। डेरा संचालक महाराज हेमानंद ने विधिवत रूप से पूजा-अर्चना करते हुए उपस्थित श्रद्धालुओं को पीपल वृक्ष के धार्मिक एवं औषधीय महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीपल केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में इसका विशेष स्थान है। इसे भगवान विष्णु का स्वरूप माना जाता है और इसकी पूजा करने से सुख-समृद्धि तथा मानसिक शांति प्राप्त होती है। महाराज हेमानंद ने सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें और प्रकृति की रक्षा का संकल्प लें।