उपमंडल बंगाणा क्षेत्र में गुरुवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंदली जिला ऊना में विद्यालय प्रबंधन समिति की आम सभा आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता प्रधानाचार्य देवेंद्र सिंह चौहान ने की। सबसे पहले विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कर्ण ठाकुर ने अपना कार्यकाल पूरा कर चुकी पुरानी कार्यकारिणी को भंग करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सभा द्वारा सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद सभा के अध्यक्ष द्वारा आगामी तीन वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी के चुनाव का प्रस्ताव सदस्यों के सामने रखा। इसके लिए दो उम्मीदवारों ज्योति रानी और राकेश कुमार ने अपना अपना दावा प्रस्तुत किया। अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए गुप्त मतदान करवाया गया, जिसमें राकेश कुमार को 26 वोट तथा ज्योति राणी को 20 वोट पड़े। इस तरह राकेश कुमार छह वोट से विजेता रहे। प्रधानाचार्य, समस्त अध्यापकों और अभिभावकों ने राकेश कुमार को विद्यालय प्रबंधन समिति की कार्यकारी परिषद का अध्यक्ष चुने जाने पर शुभकामनाएं दीं। नवनियुक्त एसएमसी ने विद्यालय प्रांगण में पौधारोपण करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य सुरेंद्र सिंह, संतोख परमार प्रवक्ता, सुनील धीमान प्रवक्ता, सुभाष चंद प्रवक्ता, दिनेश , अनुज, अंजना, मीना और समस्त अभिभावक उपस्थित रहे।