चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू के पुलवामा हमले को लेकर दिए गए कथित बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष एवं भूतपूर्व सैनिक रामपाल ने विधायक के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की है। रामपाल ने कहा कि पुलवामा हमले में देश के वीर जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया था। ऐसे संवेदनशील विषय पर दिया गया कोई भी बयान सैनिकों, शहीद परिवारों और देशवासियों की भावनाओं को आहत करने वाला नहीं होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि विधायक सुदर्शन सिंह बबलू सैनिकों, शहीद परिवारों और आम जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। रामपाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विधायक ने माफी नहीं मांगी तो भाजपा कार्यकर्ताओं, भूतपूर्व सैनिकों और स्थानीय लोगों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से उनका घेराव किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार से भी मामले का संज्ञान लेने और उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई। रामपाल ने कहा कि देश की सुरक्षा और शहीदों के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।