उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायपुर मैदान में नदियों की शुचिता, पवित्रता व उनकी स्वच्छता कायम रखने तथा बच्चों और समाज के हर बर्ग को इस विषय के बारें में जागृत करने के उद्देश्य से विश्व नदी दिवस के उपलक्ष्य पर प्रधानाचार्य की अध्यक्षता में कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पाठशाला के सभी बच्चों के कक्षा वार अलग-अलग समूह बनाकर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करवाई गई। इसके बाद प्रत्येक कक्षा से पहले और दूसरे स्थान पर रहीं टीमों के मध्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करवाई गई। फाइनल प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कक्षा नाैवीं से 12वीं तक की दो टीमों ने भाग लिया। नाैवीं कक्षा की दोनों टीमों ने प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में अभय ने प्रथम स्थान तथा रागिनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं नारा लेखन में पियूष ने प्रथम व अनमोल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य नरदेव सिंह ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करना और विभिन्न समाजिक, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दों के प्रति उनके ज्ञान में बृद्धि करना है। प्रतियोगिता में कृतिका, पलक, भावना, परवीन, बंशीका , सिमरन, जैसमीन, अंशुल, अंजलि, रागिनी, नंदिनी, हर्षित, श्रुति, मुस्कान, अभय, सुमित, बंश कुमार और पीयूष सहित 48 विद्यार्थियों ने भाग लिया।