कुटलैहड़ विधानसभा सीट से कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायक विवेक शर्मा( विक्कू) ने कहा कि अब मेरा लक्ष्य क्षेत्र में सबसे बड़ी पानी की समस्या, सड़कों का सुधार, मुद्रिका बसों के संचालन सहित युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में दर्जनों पानी की स्कीमें हैं जोकि 80 के दशक के आसपास स्वीकृत हुई थीं अब उन स्कीमों का विस्तार की जाएगा और क्षेत्र के लोगों को लाभ पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ में पर्यटन की दृष्टि से दर्जन भर से अधिक स्थान ऐसे हैं, जहां पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सकता है। इस पर भी कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जंगलों में आग लगने की घटनाएं अत्यधिक गर्मी में होती हैं, जिसकी वजह से कई जीव-जंतुओं सहित वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचाया जाता है। इसे रोकने के लिए क्षेत्र में जंगल के पुराने रास्तों को सुधर जाएगा और उनके माध्यम से क्षेत्र को आपस में जोड़ा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अब युवाओं के लिए रोजगार के साधन क्षेत्र में उपलब्ध कराना उनके लिए प्राथमिकता के साथ पूरा करने का लक्ष्य है ।