कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने गुरुवार को जनसेवा की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए बंगाणा क्षेत्र के गांव बौट निवासी माया देवी, पत्नी किशन चंद को व्हीलचेयर भेंट कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया। माया देवी पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रही हैं और चलने-फिरने में कठिनाई का सामना कर रही थीं। उनकी स्थिति की जानकारी मिलने पर विधायक विवेक शर्मा स्वयं उनके घर पहुंचे और उन्हें व्हीलचेयर प्रदान की, ताकि उन्हें घर के भीतर और बाहर आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि समाज के जरूरतमंद, बुजुर्ग, दिव्यांग और बीमार लोगों की सहायता करना केवल जनप्रतिनिधि का दायित्व ही नहीं, बल्कि मानवीय जिम्मेदारी भी है।