उपतहसील जोल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौकीमन्यार में सोमवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गीता संदेश भारती संस्था के अध्यक्ष कृष्ण कुमार लद्दाखी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उनका संवाद विद्यार्थियों के लिए न सिर्फ प्रेरणादायक रहा, बल्कि जीवन मूल्यों को अपनाने की दिशा में एक सशक्त संदेश भी लेकर आया। कृष्ण कुमार लद्दाखी ने कहा कि विद्यार्थी जीवन केवल परीक्षा पास करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक अच्छे इंसान और नैतिक व्यक्तित्व के निर्माण का सुनहरा अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि चरित्र निर्माण ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने युवाओं को आगाह किया कि नशा शरीर आत्मा और भविष्य तीनों को बर्बाद कर देता है। उन्होंने कहा कि एक जागरूक युवा ही स्वस्थ और सशक्त भारत का निर्माण कर सकता है। भारतीय संस्कृति और परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने गुरु माता-पिता और बड़ों के प्रति सम्मान को जीवन की सफलता का मूल मंत्र बताया। अंत में विद्यालय के रसायन विज्ञान के प्रवक्ता संजीव रंगड़ा ने विद्यालय परिवार की ओर से कृष्ण कुमार लद्दाखी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनका मार्गदर्शन न केवल विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक रहा, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला भी है।