माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट की तरफ से श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ लगाई गई एलईडी डिस्प्ले जिस पर माता की लाइव आरती का प्रसारण किया जाता है। उस पर मरियम की तस्वीर दिखाए जाने पर हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है। इस संबंध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों और सदस्यों ने एसडीएम अंब के माध्यम से अपना ज्ञापन देकर रोष प्रकट किया। एसडीएम अंब का कहना है कि यह सब कैमरा ऑपरेटर की गलती के चलते हुआ। माता के श्रंगार के वक्त स्क्रीन को बंद रखा जाता है। उस दौरान कैमरा बंद रखा जाता है। अब माता से संबंधित वीडियो बनवाए जा रहे हैं। जिन्हें स्क्रीन बंद होने के दौरान प्रसारित किया जाएगा। यह सुनिश्चित किया गया है कि भविष्य में ऐसी गलती ना हो। उन्होंने इस संबंध में किसी प्रकार की साजिश होने से इंकार किया।