ऊना पुलिस ने मुबारिकपुर में पकड़ी गई चिट्टा तस्करी की खेप के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बैकवर्ड लिंक के आधार पर की गई जांच के दौरान पुलिस ने पंजाब के तलवाड़ा में छापेमारी कर मोहित और रजनीश को 17.14 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस का मानना है कि यही दोनों पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों तक नशे की खेप पहुंचाते थे। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि इससे पहले एसटीएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर मुबारिकपुर स्थित शिव मंदिर के पास नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार मुनीश कुमार और करण को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 60.45 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। दोनों आरोपी भी पंजाब के होशियारपुर जिले के तलवाड़ा क्षेत्र के निवासी हैं। इस बरामदगी के बाद अंब थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस सप्लाई चेन तक पहुंची और पंजाब में छापेमारी कर दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। रविवार को पुलिस ने चारों आरोपियों को अंब की अदालत में पेश किया। अदालत ने सभी को 15 जुलाई तक चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। एसपी सचिन हिरेमठ ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक का खुलासा किया जा सके। साथ ही इस कारोबार से जुड़े अन्य सप्लायरों और तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।