विधानसभा क्षेत्र चिंतपूर्णी में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। क्षेत्र की पांच पंचायतों के करीब 50 युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस में शामिल होने वाले युवाओं का विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने स्वागत किया। जानकारी के अनुसार चिंतपूर्णी धार क्षेत्र की ग्राम पंचायत गिन्डपुर, धर्मशाल महंता, घंघरेट, ज्वाल और खेराह से जुड़े युवाओं ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामा। इस मौके पर विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। विधायक ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की जनविरोधी नीतियों से नाराज होकर समाज के विभिन्न वर्ग कांग्रेस के साथ आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में इसका सकारात्मक राजनीतिक प्रभाव देखने को मिलेगा। कांग्रेस में शामिल हुए युवाओं ने पार्टी की नीतियों और क्षेत्र के विकास को लेकर अपना विश्वास जताया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नए सदस्यों का स्वागत किया।