फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haroli Civil Hospital: 8.42 करोड़ से बनेगा 50 बेड का नया भवन, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रखी आधारशिला

Ankesh Dogra Updated Mon, 13 Jul 2026 02:52 PM IST

हरोली विधानसभा क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को सिविल अस्पताल हरोली में 50 अतिरिक्त बिस्तरों वाले नए भवन की आधारशिला रखी। इस परियोजना पर करीब 8.42 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नए भवन का निर्माण लगभग एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पूरा होने के बाद हरोली और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने सिविल अस्पताल हरोली को 100 बिस्तरों वाले अस्पताल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। इसी योजना के तहत 50 अतिरिक्त बिस्तरों के लिए नए भवन का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे मरीजों को अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित उपचार उपलब्ध होगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में सिविल अस्पताल हरोली में 11 चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं और विशेषज्ञ डॉक्टर भी उपलब्ध हैं। उन्होंने दावा किया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र का कोई भी स्वास्थ्य संस्थान चिकित्सकों के बिना नहीं है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में ईएसआई अस्पताल स्थापित करने के प्रयास भी जारी हैं, ताकि लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का और अधिक लाभ मिल सके। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चिकित्सकों के लिए आवासों का निर्माण भी प्रस्तावित है। इसके अलावा सिविल अस्पताल हरोली को जल्द ही लगभग 25 लाख रुपये की लागत वाली आधुनिक और पूरी तरह सुसज्जित एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक तक उसके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से पूरे हिमाचल में स्वास्थ्य अधोसंरचना का विस्तार और अस्पतालों में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें