राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौकीमन्यार में सशक्त मतदाता क्लब के तत्वावधान में सोमवार को मतदान जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक प्रक्रिया की समझ को बढ़ाने तथा उन्हें भविष्य में सजग और जिम्मेदार मतदाता के रूप में तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोहर लाल शर्मा ने की। उन्होंने अपने संबोधन में मतदान की शक्ति और उसके राष्ट्रीय विकास पर पड़ने वाले प्रभाव पर प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का वोट देश की नीतियों और भविष्य की दिशा तय करता है। अतः युवा पीढ़ी को मतदान के महत्व को समझना चाहिए और भविष्य में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। सशक्त मतदाता क्लब की प्रभारी कुसुम लता ने कार्यक्रम का संचालन एवं मार्गदर्शन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मतदाता की जिम्मेदारियों, निष्पक्ष मतदान, और लोकतांत्रिक सहभागिता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान छात्रा नंदनी कुमारी ने सभी उपस्थित विद्यार्थियों को मतदान की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने भविष्य में जागरूक, ईमानदार और जिम्मेदार मतदाता बनने का संकल्प दोहराया।