ऊना जिले के अंब उपमंडल के अंतर्गत चुरुड़ु और लोहारी के बीच लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पुल का विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने बताया कि पुल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि यदि कार्य निर्धारित गति से पूरा होता रहा तो करीब एक सप्ताह के भीतर पुल को क्षेत्र की जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। पुल के शुरू होने से चुरुड़ु, लोहारी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने और सभी तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, डीएसपी अंब अनिल पटियाल, लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी, जिला परिषद सदस्य सरवन सिंह बंटू तथा ग्राम पंचायत चुरुड़ु के जनप्रतिनिधि और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।