धार्मिक नगरी चिंतपूर्णी के ओल्ड बस स्टैंड के पास रविवार को सीवरेज चैंबर के ब्लॉक होने से क्षेत्र में स्थिति बिगड़ गई। चैंबर के ओवरफ्लो होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बहने लगा, जिससे स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आसपास के क्षेत्र में गंदगी फैलने के साथ तेज दुर्गंध का माहौल भी बन गया। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है। संबंधित सीवरेज चैंबर पहले भी कई बार जाम हो चुका है। विभाग द्वारा इसे अस्थायी रूप से ठीक कर दिया जाता है, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर वही स्थिति उत्पन्न हो जाती है। दुकानदारों का कहना है कि गंदा पानी कई बार उनकी दुकानों के सामने तक पहुंच जाता है और कुछ मामलों में दुकान के अंदर भी घुस जाता है, जिससे व्यापार प्रभावित होता है। व्यापारियों ने बताया कि ओल्ड बस स्टैंड एक व्यस्त क्षेत्र है, जहां दिनभर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सीवरेज ओवरफ्लो होने से न केवल व्यापारियों को परेशानी होती है, बल्कि आम लोगों और श्रद्धालुओं को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। दुकानदारों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। उनका कहना है कि बार-बार केवल अस्थायी मरम्मत से समस्या का समाधान नहीं हो रहा है, बल्कि यह लगातार दोहराई जा रही है, जिससे लोगों में रोष बढ़ रहा है। वहीं सोमवार को सफाई कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। कर्मचारियों ने सीवरेज चैंबर खोलकर उसकी सफाई की और निकासी व्यवस्था को बहाल किया। जानकारी के अनुसार सीवरेज पाइप में पत्थर फंस जाने के कारण पानी का प्रवाह बाधित हो गया था, जिससे चैंबर ओवरफ्लो हो रहा था। कर्मचारियों द्वारा रुकावट हटाए जाने के बाद सीवरेज का प्रवाह सामान्य हो गया और क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि स्थानीय लोगों ने एक बार फिर स्थायी समाधान की मांग दोहराई है ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो।