कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुकड़ियाल में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करवाया गया जिसमें अभियान को सार्थक रूप देने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। पंचायत की प्रधान निर्मला देवी की अध्यक्षता में पंचायत घर में क्षेत्र की बेटियों का सामूहिक जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर पंचायत की बेटियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई तथा समाज में बेटियों के महत्व को रेखांकित करते हुए लोगों से उन्हें समान अवसर देने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि, अभिभावक, महिलाएं और ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रधान निर्मला देवी ने सभी बेटियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेटियां किसी भी परिवार की शान और समाज की पहचान होती हैं। प्रधान निर्मला देवी ने इस अवसर पर अपनी ओर से तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि उनकी पहली घोषणा यह है कि ग्राम पंचायत सुकड़ियाल की किसी भी बेटी के विवाह पर वह अपनी निजी आय एवं मासिक वेतन से 5100 की सम्मान राशि प्रदान करेंगी। उन्होंने दूसरी घोषणा करते हुए कहा कि पंचायत की बेटियों की शिक्षा के लिए हर संभव सहयोग करेंगी। यदि किसी जरूरतमंद बेटी को पढ़ाई में आर्थिक अन्य प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी तो वह व्यक्तिगत स्तर पर उसकी मदद के लिए हमेशा तैयार रहेंगी।