गुरुकुल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल पक्का परोह की अनीषा अत्री ने 98.86 प्रतिशत अंक लेकर हिमाचल प्रदेश दसवीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में आठवां रैंक हासिल किया है। अनीषा ने 700 में से 692 अंक हासिल किए हैं। अनीषा का उद्देश्य सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना है। अनीषा के पिता कृष्ण कुमार अरुणाचल में भारतीय सेना में तैनात हैं, जबकि माता नीलम कुमारी शिक्षिका हैं। अनीषा ने स्कूल शिक्षकों और परिजनों के मार्गदर्शन को सफलता का श्रेय देते हुए कहा कि बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए बच्चों को लक्ष्य साधकर उसके हासिल करने के लिए मेहनत करनी चाहिए। जिसमें शिक्षकों और परिवार का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है।