भारत-पाक तनाव के चलते ऊना जिले में ब्लैकआउट के लिए लोगों की तरफ से छोटे-छोटे गांवों में भी तैयारिया शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर लाइटों को लोगों की तरफ से ढका जा रहा है ताकि रात होते ही खुद ही जलने वाली सोलर लाईटों की रोशनी लोगों के लिए लिए संभावित खतरे का कारण ना बने। भारत-पाकिस्तान के बीच जंग के चलते लोगों ने सावधानियां बरतनी शुरू कर दी हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राणा रंजीत सिंह मनकोटिया ने बताया कि पंजवार पंचायत में जिला प्रशासन के निर्देशों की ब्लैकआउट को लेकर सख्ती से पालना की जा रही है। ग्राम पंचायत राजपुर जस्वा के प्रधान अनिल कुमार ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में विभिन्न स्थलों पर सोलर लाइटों को ढका गया है और यह भी ध्यान रखा जा रहा है कि क्या ढकने के बाद यह व्यवस्था प्रभावी रूप से काम कर रही है। स्थानीय निवासियों देवेंद्र कुमार का कहना है कि सारा देश सेना के साथ है। जनता प्रशासन की तरफ से दी गई गाइडलाइन का अपना रहा है। सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि लोगों को पूरा विश्वास है कि देश की सेना दुनियां के बड़े से बड़े खतरे से निपटने में सक्षम है।