सुहागिनों के त्योहार करवाचौथ की खरीदारी के लिए बाजार गुलजार हो गए हैं। अपने पति की लंबी आयु और खुशहाली के लिए निर्जला व्रत रखने वाली सुहागिन महिलाएं इस खास दिन की तैयारियों में जोर-शोर से जुट गई हैं। इस वर्ष, कपड़े, गहने, पूजा की सामग्री, मिठाई, फलों की दुकानों और ब्यूटी पार्लरों पर ग्राहक उमड़ रहे हैं। इसके साथ ही करवाकी खरीदारी के लिए कुम्हारों की तरफ से छोटी छोटी दुकानें लगाई गई हैं। मनियारी की दुकान करने वाले व्यापारियों की तरफ से दुकानों के आगे चूड़ियां चढ़ाने और मेहंदी लगाने वाले कारीगरों को बैठाया गया है। रेडीमेड गारमेंट्स विक्रेता रंदीप ठाकुर का कहना है कि पहले तो लंबी बरसात के कारण बहुत मंदा चल रहा था। अब जाकर बाजार में कुछ रौनक है। मिठाई विक्रेता रमन सैनी का कहना है कि बाजार में आम दिनों की अपेक्षा बहुत रौनक है। जिससे इस त्योहारी सीजन में बेहतर व्यापार की उम्मीद है।