पंचायत समिति ऊना के नवनिर्वाचित 24 सदस्यों ने सोमवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित एक गरिमामय समारोह में पद की शपथ ली। एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल ने सभी सदस्यों को शपथ दिलाई। इस दौरान ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल ने नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायतीराज संस्थाएं लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं तथा पंचायत समिति ग्रामीण विकास और जनकल्याण की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण संस्था है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी सदस्य जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण भाव से निर्वहन करेंगे तथा जिला के समग्र विकास में सक्रिय योगदान देंगे। शपथ ग्रहण करने वाले सदस्यों में पंचायत समिति वार्ड पनोह से सुशील कुमार, धमांदरी पूनम रानी, नारी अरुण कुमार, नंगल सलांगड़ी बलविंद्र सिंह, बसाल लोअर महिंद्र पाल, टक्का रजनी देवी, बसोली अशोक द्विवेदी, डंगोली जय सिंह, समूरकलां निधि शर्मा, चताड़ा विजय सिंह, बहडाला लोअर सुमन देवी, झूड़ोवाल जैहली कुमारी, देहलां अप्पर ज्योति देवी, देहलां लोअर राज कुमार, बनगढ़ प्रोमिला देवी, भटोली प्रोमिला देवी, रायपुर सहोडां हरपाल सिंह, चड़तगढ़ अनुराधा, नंगडां से सर्वजीत, जनकौर बलबीर चंद, सासन राहुल देव, अजौली मनदीप सिंह, मजारा महिंदर कौर और सनोली से चरण कौर शामिल रहीं। समारोह में जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार, जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी, नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के परिजन तथा गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।